Homeउत्तर प्रदेशजालौन को 1,275 करोड़ की सौगात, योगी बोले- पिछड़ेपन के जिम्मेदार युवाओं...

जालौन को 1,275 करोड़ की सौगात, योगी बोले- पिछड़ेपन के जिम्मेदार युवाओं को गुमराह कर रहे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जालौन के उरई में आयोजित विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कभी जालौन और बुंदेलखंड को पिछड़ेपन, सूखे, पलायन और दस्यु क्षेत्र के रूप में जाना जाता था। इसके लिए जिम्मेदार लोग आज घड़ियाली आंसू बहाकर युवाओं को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।

सीएम योगी ने उरई, माधौगढ़ और कालपी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1,275 करोड़ रुपये की 375 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किट, चेक और स्वीकृति पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सवाल यह है कि आखिर यमुना, बेतवा और पहूज जैसी नदियों से समृद्ध यह क्षेत्र विकास की दौड़ में क्यों पिछड़ गया था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के काले कारनामों के कारण जालौन दस्यु प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना गया, उन्हीं लोगों ने बुंदेलखंड को सूखे और अभाव के कारण पलायन के लिए मजबूर किया। आज वही लोग युवाओं को गुमराह करने के लिए घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

बुंदेलखंड की बदल रही तस्वीर

सीएम योगी ने कहा कि आज जालौन और पूरा बुंदेलखंड अपनी पुरानी पहचान से बाहर निकलकर विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और फोरलेन कनेक्टिविटी ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि अब जालौन को बीहड़ और दस्यु प्रभावित क्षेत्र के रूप में नहीं, बल्कि विकास और नई संभावनाओं के केंद्र के रूप में पहचाना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड में करीब 56 हजार एकड़ क्षेत्र में बड़े औद्योगिक क्षेत्र को विकसित किया जा रहा है, जिसकी कनेक्टिविटी में जालौन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इससे आने वाले समय में क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कालपी का कागज पहुंच रहा दुनिया के बाजारों तक

मुख्यमंत्री ने कालपी के हस्तनिर्मित कागज का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पारंपरिक उत्पाद अब स्थानीय पहचान से निकलकर वैश्विक बाजार तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि कालपी के कागज की मांग ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, अमेरिका, जर्मनी और जापान जैसे देशों में भी बढ़ी है। जीआई टैग मिलने के बाद इस पारंपरिक उत्पाद को नई पहचान मिली है और स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों के लिए नए बाजार खुले हैं।

उन्होंने जालौन के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र महर्षि वेदव्यास की जन्मभूमि और ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण धरती है। कोंच की रामलीला, कालपी का हस्तनिर्मित कागज और यहां की प्रसिद्ध मटर जालौन को अलग पहचान दिलाते हैं।

माफिया की 600 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त: योगी

कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि माफिया से जुड़े अपराधियों की 600 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।

सीएम योगी ने कहा कि अपराधियों के लिए अब जेल या जहन्नुम के अलावा कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि बेटियां सुरक्षित माहौल में स्कूल जा रही हैं और व्यापारी निर्भय होकर अपना कारोबार कर रहे हैं।

नकल माफिया पर भी होगी कड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौजवानों और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नकल माफिया की कमर तोड़ने के साथ उनकी संपत्तियों को भी जब्त किया जाएगा। परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का काम सरकार करेगी।

सड़क और पेयजल परियोजनाओं को मिली रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जालौन में सड़क, पेयजल और कनेक्टिविटी से जुड़ी कई परियोजनाओं पर तेजी से काम हुआ है। गोहन-माधौगढ़ से मध्य प्रदेश सीमा तक जिला मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के साथ कई प्रमुख संपर्क मार्गों का निर्माण पूरा किया गया है।

उन्होंने कहा कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए भी विभिन्न ग्रामीण और शहरी पेयजल परियोजनाओं पर काम जारी है।

डिफेंस कॉरिडोर और डेटा सेंटर से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

सीएम योगी ने कहा कि झांसी और चित्रकूट में विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर का लाभ जालौन को भी मिलेगा। क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ भविष्य के लिए आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

उन्होंने जालौन में डेटा सेंटर क्लस्टर विकसित करने की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के दौर में डेटा सेंटर महत्वपूर्ण आधारभूत ढांचा है।

लाभार्थियों को वितरित किए चेक और प्रमाणपत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए। इनमें ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना, कन्या सुमंगला योजना, कृषि यंत्र, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, कुक्कुट योजना, एआईएफ और आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी शामिल रहे।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, विधान परिषद सदस्य, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular