भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 11 अगस्त से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी। अभियान के तहत प्रदेशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी और घर-घर जाकर लोगों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पार्टी ने अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह को सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में अभियान को सफल बनाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और सभी जिलों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
नीरज सिंह ने बताया कि प्रदेश मुख्यालय में अभियान की मॉनिटरिंग टीम के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। इस बार अभियान को बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा, जहां पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को राष्ट्रध्वज लगाने और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने के लिए प्रेरित करेंगे।
अभियान के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों से संपर्क किया जाएगा और उनके योगदान को याद किया जाएगा। साथ ही शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि नई पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम और वीर जवानों के बलिदान से परिचित कराना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
बीजेपी स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सरकारी संस्थानों से भी अपने भवनों पर तिरंगा फहराने की अपील करेगी। प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिला इकाइयों को 11 अगस्त से पहले बैनर, पोस्टर और तिरंगों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पार्टी का लक्ष्य इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक व्यापक और जनभागीदारी वाला बनाना है।
