Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार का दिव्यांगजनों के लिए बड़ा अभियान, 3 से 10 अगस्त...

योगी सरकार का दिव्यांगजनों के लिए बड़ा अभियान, 3 से 10 अगस्त तक चलाया जाएगा ‘दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0’

उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए योगी सरकार 3 से 10 अगस्त तक प्रदेशव्यापी ‘दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0’ चलाएगी। अभियान का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण प्राप्त और अन्य योग्य दिव्यांग युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दिव्यांगजनों को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के माध्यम से यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।

 

अभियान के तहत प्रदेश के सभी राजकीय आईटीआई में विशेष रोजगार शिविर आयोजित किए जाएंगे। यहां दिव्यांग अभ्यर्थियों को निजी और औद्योगिक संस्थानों में रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। जिला उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन केंद्र औद्योगिक इकाइयों के साथ समन्वय कर रिक्त पदों की जानकारी जुटाएगा, जबकि एमएसएमई विभाग स्वरोजगार योजनाओं और लीड बैंक के माध्यम से ऋण व वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करेगा।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी और जिला रोजगार सहायता अधिकारी रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकृत दिव्यांग अभ्यर्थियों को उपलब्ध रिक्तियों से जोड़ेंगे। अभियान के दौरान पिछले दो चरणों में लाभान्वित हुए दिव्यांगजनों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा, ताकि उनकी वर्तमान स्थिति और रोजगार की समीक्षा की जा सके।

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। सभी जिलों से 10 अगस्त तक लाभार्थियों का विवरण शासन को भेजा जाएगा। वहीं, सबसे अधिक दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने वाले शीर्ष पांच जिलों के जिलाधिकारियों और उनकी टीम को शासन स्तर पर प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मिशन निदेशक पुलकित खरे ने 30 जुलाई को सभी मुख्य विकास अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

RELATED ARTICLES

Most Popular