नीट पेपर लीक 2026 और छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर छात्रों की आवाज दबाने और दमनात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पीएम मोदी और अमित शाह, आप Gen-Z को चुप रहने के लिए धमका नहीं सकते। पहले उनकी हड्डियां तोड़ी गईं, अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए जा रहे हैं। आप भारत का अतीत हैं, इसलिए देश के भविष्य के साथ कैसा व्यवहार करते हैं, इस पर सावधान रहें।”

इससे पहले राहुल गांधी ने छात्र प्रदर्शन पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र हाई-पावर्ड कमेटी से जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा कथित बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता जताई।
राहुल गांधी ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज और एक छात्र को सड़क पर गिराते हुए दिखाया गया है। हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, संसद के मकर द्वार पर विपक्षी दलों के सांसदों ने छात्र आंदोलन पर कथित पुलिस कार्रवाई और अयोध्या राम मंदिर में दान से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन किया। सांसदों ने केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग करते हुए नारेबाजी की। यह प्रदर्शन राज्यसभा में पब्लिक एग्जामिनेशन (गलत तरीकों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा और पारित होने से पहले हुआ।

