नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी स्टारकास्ट को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जहां फिल्म में माता सीता के किरदार में साउथ अभिनेत्री साई पल्लवी नजर आ रही हैं, वहीं ट्रेलर की एक छोटी-सी झलक में दिखाई देने वाली असमिया अभिनेत्री सुरभि दास ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
ट्रेलर के एक दृश्य में साई पल्लवी के पीछे खड़ी सुरभि दास को देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी तारीफ की। कुछ लोगों ने तो यहां तक कहा कि माता सीता के किरदार के लिए सुरभि दास अधिक उपयुक्त लगती हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई है।
एक यूजर ने लिखा, “बैकग्राउंड में दिख रही एक्ट्रेस पूरे फ्रेम पर छा गई हैं।” वहीं दूसरे यूजर ने टिप्पणी की, “मेरे हिसाब से सुरभि दास माता सीता के किरदार के लिए ज्यादा उपयुक्त लगती हैं।”
हालांकि, फिल्म में सुरभि दास माता सीता नहीं बल्कि श्रुतकीर्ति का किरदार निभा रही हैं। श्रुतकीर्ति, माता सीता की सबसे छोटी बहन और भगवान राम के छोटे भाई शत्रुघ्न की पत्नी थीं। इससे पहले उनके उर्मिला का किरदार निभाने की चर्चा थी, लेकिन सुरभि दास ने स्वयं इन अटकलों को खारिज करते हुए अपने किरदार का खुलासा किया था।
फिलहाल, ‘रामायण’ के ट्रेलर ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है और फिल्म की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
