Homeराजनीतिराहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ संत समाज का...

राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के खिलाफ संत समाज का देशव्यापी आंदोलन, ‘सनातन शंखनाद’ अभियान का ऐलान

संसद परिसर के बाहर अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे को लेकर हुए राजनीतिक प्रदर्शन के विवाद ने नया मोड़ ले लिया है।

वाराणसी के कोतवाली थाने में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद अखिल भारतीय संत समिति ने देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है।

शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समिति ने “सनातन शंखनाद” अभियान शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि सनातन धर्म और साधु-संत समाज के खिलाफ कथित गतिविधियों का अब वैचारिक और कानूनी स्तर पर विरोध किया जाएगा।

समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जीतेन्द्रानंद सरस्वती ने कहा कि संत समाज ने वर्षों की चुप्पी तोड़ दी है और अब सनातन विरोधी गतिविधियों का संगठित जवाब दिया जाएगा।

वहीं जगद्गुरु बालक दास ने संसद परिसर में हुए प्रदर्शन को भगवान श्रीराम और सनातन धर्म का अपमान बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो मामला सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया जाएगा।

स्वामी जीतेन्द्रानंद सरस्वती ने आरोप लगाया कि राजनीति में लगातार साधु-संतों और भगवा वस्त्रों का उपहास किया जा रहा है। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि धार्मिक प्रतीकों के सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इस अभियान को श्री काशी विद्वत् परिषद और विश्व हिंदू परिषद ने भी समर्थन देने की घोषणा की है। परिषद के महामंत्री प्रो. राम नारायण द्विवेदी और विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री अशोक तिवारी ने अभियान के समर्थन की बात कही।

बैठक में आगामी 2 से 5 नवंबर तक काशी में “संस्कृति संसद” आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।

आयोजन की शुरुआत 2 नवंबर को राम मंदिर आंदोलन के कारसेवकों की स्मृति में रुद्राभिषेक से होगी। संत समिति का दावा है कि इस कार्यक्रम में देशभर की विभिन्न परंपराओं के 3,000 से अधिक संत शामिल होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular