रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
मुंबई :टीवी अभिनेत्री आकांक्षा चमोला ने अभिनेता गौरव खन्ना से अपने तलाक को लेकर सामने आ रही चर्चाओं पर पहली बार विस्तार से प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि उनके अलग होने की खबर किसी रियलिटी शो की पब्लिसिटी या टीआरपी बढ़ाने की रणनीति नहीं थी, बल्कि तलाक की कानूनी प्रक्रिया पहले से ही चल रही है।
मीडिया से बातचीत में आकांक्षा ने बताया कि उन्होंने ‘लॉक अप’ शो में जाने से पहले ही तलाक की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। दोनों पक्षों के वकीलों के बीच अधिकांश औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और अब सिर्फ अंतिम दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होना बाकी है।

तलाक को पब्लिसिटी स्टंट बताए जाने पर आकांक्षा ने नाराजगी जताते हुए कहा, “कोई भी लड़की पब्लिसिटी पाने के लिए इतने बड़े मंच पर अपने तलाक का नाटक नहीं करेगी।” उन्होंने कहा कि जब भी किसी अभिनेता या अभिनेत्री की निजी जिंदगी से जुड़ी खबर सामने आती है, लोग उसे प्रचार से जोड़ देते हैं, जबकि हर मामला ऐसा नहीं होता।
आकांक्षा ने यह भी बताया कि वह और गौरव खन्ना पिछले 18 महीनों से अलग रह रहे हैं। हालांकि, दोनों के बीच किसी तरह की कड़वाहट नहीं है और आज भी वे एक-दूसरे से सम्मानपूर्वक बातचीत करते हैं। उनके अनुसार, समय के साथ दोनों की सोच, प्राथमिकताएं और जीवन को देखने का नजरिया अलग हो गया था। इसी वजह से उन्होंने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया।

हाल ही में ‘लॉक अप’ शो के दौरान आकांक्षा ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपने अलगाव का खुलासा किया था। वहीं शो में पहुंचे गौरव खन्ना ने भी स्वीकार किया था कि दोनों अलग रह रहे हैं, लेकिन कानूनी रूप से अभी भी पति-पत्नी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर रिश्ते को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि वह अपनी पत्नी के खिलाफ किसी भी तरह की ट्रोलिंग या गलत जानकारी को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बता दें कि आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना की पहली मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी। कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 24 नवंबर 2016 को कानपुर में शादी की थी। गौरव खन्ना टीवी इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता हैं, जबकि आकांक्षा भी कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
