Homeमनोरंजनअसम बाढ़ पीड़ितों के लिए सलमान खान का बड़ा कदम, 500 घर...

असम बाढ़ पीड़ितों के लिए सलमान खान का बड़ा कदम, 500 घर बनवाने का लिया जिम्मा

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला 

मुंबई :असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान आगे आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान ने NGO Global Sikhs के साथ मिलकर बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास के लिए 500 सेमी-पर्मानेंट घर बनवाने का फैसला किया है। इससे पहले अभिनेता Randeep Hooda राहत कार्यों में सक्रिय थे, जबकि अभिनेत्री Bhumi Pednekar भी राहत सामग्री लेकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं।

सलमान खान की संस्था Being Human पहले भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में भोजन और राहत सामग्री उपलब्ध कराने में सहयोग कर चुकी है। अब अभियान के दूसरे चरण में प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास पर जोर दिया जा रहा है।

220 घर बनकर तैयार

रिपोर्ट के अनुसार, असम के सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल शिवसागर के नेपाली खुटी गांव में अब तक करीब 220 सेमी-पर्मानेंट घर तैयार किए जा चुके हैं। बांस और टिन की छत से बने ये घर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं।

बताया गया है कि पुनर्वास की योजना पहले से ही NGO के राहत अभियान का हिस्सा थी। हालांकि, जब सलमान खान ने रणदीप हुड्डा को राहत कार्य करते देखा तो उन्होंने भी इस मिशन से जुड़ने का फैसला किया।

एक घर की लागत 35 से 40 हजार रुपये

सूत्रों के मुताबिक, रणदीप हुड्डा ने सलमान खान को राहत अभियान की जानकारी दी, जिसमें करीब 70 स्वयंसेवक काम कर रहे हैं। संस्था के संस्थापक Amarpreet Singh ने बताया कि एक सेमी-पर्मानेंट घर बनाने में लगभग 35 से 40 हजार रुपये का खर्च आता है। इसके बाद सलमान ने 500 घरों के निर्माण की जिम्मेदारी लेने का निर्णय किया।

अमरप्रीत सिंह ने बताया कि सलमान खान ने कहा, “आप लोग चिंता मत करो।” उन्होंने बताया कि अब तक 220 घर तैयार हो चुके हैं और टीम प्रतिदिन 8 से 10 घर बनाने की क्षमता रखती है।

भूमि पेडनेकर ने बांटी राहत सामग्री

अभिनेत्री भूमि पेडनेकर Bharat Disaster Relief Foundation (BDRF) के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और जरूरत का सामान वितरित किया। भूमि ने कहा कि इस कठिन समय में वह प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी हैं।

रणदीप हुड्डा बोले- मानवता सबसे ऊपर

रणदीप हुड्डा ने कहा कि शिवसागर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में लोग शरण लिए हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी टीम पिछले सात दिनों से लगातार प्रभावित परिवारों के लिए भोजन तैयार कर रही है और उसे जरूरतमंदों तक पहुंचा रही है।

रणदीप ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जहां भी संकट हो, वहां अपनी क्षमता के अनुसार मदद करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है।

बॉलीवुड सितारों ने भी की मदद की अपील

असम बाढ़ त्रासदी के बीच अभिनेत्री Alia Bhatt, भूमि पेडनेकर, सिंगर Guru Randhawa और अभिनेत्री Raashii Khanna ने भी लोगों से बाढ़ पीड़ितों की सहायता करने की अपील की है। आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर लिखा कि असम इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत के साथ-साथ लंबे समय तक पुनर्वास सहायता की आवश्यकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular