रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। आधार बनवाने, अपडेट कराने या उसमें संशोधन कराने वालों के लिए बड़ी राहत है। अब प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य डाकघरों में रविवार को भी आधार सेवा उपलब्ध होगी। इसके लिए हर मुख्य डाकघर में एक काउंटर शुरू किया जा रहा है।
मुख्यालय परिक्षेत्र के जिलों में रविवार को आधार सेवा शुरू करने के बाद अब इस व्यवस्था को पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है। लखनऊ, सीतापुर, अयोध्या, रायबरेली और बाराबंकी समेत कई जिलों में यह सुविधा पहले से चल रही है। अन्य जिलों को भी रविवार से आधार सेवा शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नौकरी और स्कूल जाने वालों को मिलेगी राहत
पोस्ट मास्टर जनरल (PMG) सुनील कुमार राय के मुताबिक, कार्यदिवस में बड़ी संख्या में लोग ऑफिस, स्कूल या अन्य जरूरी कामों के कारण आधार केंद्र नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे लोगों की सुविधा को देखते हुए रविवार को भी आधार पंजीयन और अपडेट की सुविधा शुरू की गई है।
मुख्यालय परिक्षेत्र के छह जिलों—लखनऊ, रायबरेली, अंबेडकरनगर, सीतापुर, बाराबंकी और अयोध्या—के 156 डाकघरों में आधार सेवा केंद्र संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा 886 मोबाइल डिवाइस के जरिए घर-घर आधार सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अप्रैल से जुलाई तक 4.5 लाख से ज्यादा आधार सेवाएं
अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल से 22 जुलाई के बीच मुख्यालय परिक्षेत्र में 91,650 आधार नामांकन किए गए, जबकि 3,66,537 लोगों के आधार अपडेट या संशोधन किए गए। रविवार को आधार सेवा शुरू होने से लोगों को काफी सुविधा मिली, जिसके बाद इसे पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया गया।
बच्चों का आधार अपडेट कराना भी जरूरी
UIDAI के नियमों के अनुसार, बच्चों के 5 और 15 वर्ष की उम्र पूरी होने पर अनिवार्य बायोमीट्रिक अपडेट कराया जाना जरूरी है। इसमें फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो अपडेट किए जाते हैं।
समय पर बायोमीट्रिक अपडेट कराने से स्कूल में प्रवेश, परीक्षा पंजीकरण, छात्रवृत्ति और डीबीटी जैसी योजनाओं का लाभ लेने में आधार से जुड़ी दिक्कतों से बचा जा सकता है।
