Homeउत्तर प्रदेशफर्रुखाबाद: तेज रफ्तार डंपर ने कांवड़िये को कुचला, मौत के बाद हाईवे...

फर्रुखाबाद: तेज रफ्तार डंपर ने कांवड़िये को कुचला, मौत के बाद हाईवे पर 10 किमी लंबा जाम

रिपोर्ट : अमित कुमार

फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के गांधी गांव के पास इटावा-बरेली हाईवे पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने डाक कांवड़ लेकर गोला जा रहे एक कांवड़िये को कुचल दिया। हादसे में कांवड़िये की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि कांवड़िया गंगा जल भरकर डाक कांवड़ लेकर गोला जा रहा था। हादसे की जानकारी मिलते ही उसके साथ चल रहे अन्य कांवड़िये आक्रोशित हो गए और उन्होंने इटावा-बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया।

जाम के कारण हाईवे पर करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की रफ्तार थम गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को समझाने का प्रयास किया। वहीं, कांवड़िये की मौत और हाईवे जाम की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने कांवड़िये के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। हादसे के बाद पुलिस डंपर चालक की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।

कांवड़ियों का कहना है कि पिछले पांच दिनों में इटावा-बरेली हाईवे पर कांवड़ियों के साथ कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई कांवड़ियों की जान जा चुकी है। घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बना रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular