Homeउत्तर प्रदेशबीजेपी ने तीन राज्यों में बदले प्रभारी, विनोद तावड़े को यूपी की...

बीजेपी ने तीन राज्यों में बदले प्रभारी, विनोद तावड़े को यूपी की कमान

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला

 भारतीय जनता पार्टी ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच तीन राज्यों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के संगठनात्मक प्रभार में बदलाव किया है।

पार्टी ने वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का नया प्रभारी बनाया है। वहीं जगदीश ईश्वरभाई पटेल को यूपी का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। पंजाब की जिम्मेदारी सतीश पुनिया को सौंपी गई है, जबकि तरुण चुग को गुजरात का नया प्रभारी बनाया गया है।

इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा ने ऐसे समय में संगठनात्मक बदलाव किया है, जब चुनावी तैयारियों के लिए अब कुछ ही महीने शेष हैं।

विनोद तावड़े को यूपी की बड़ी जिम्मेदारी

महाराष्ट्र से आने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं। अब उन्हें देश के सबसे बड़े राजनीतिक राज्य उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। यूपी में विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों को धार देना उनके सामने बड़ी जिम्मेदारी होगी।

सतीश पुनिया को पंजाब का प्रभार

भाजपा ने सतीश पुनिया को पंजाब का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी के सामने पंजाब में संगठन के विस्तार के साथ-साथ बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की चुनौती है। पुनिया के संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए पार्टी को उनसे पंजाब में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने की उम्मीद है।

तरुण चुग को गुजरात की कमान

तरुण चुग को गुजरात का नया प्रभारी बनाया गया है। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय चुग को संगठनात्मक कामकाज का अनुभव है। गुजरात भाजपा का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है। ऐसे में उनकी नियुक्ति को संगठन को और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

भाजपा की इन नई नियुक्तियों को 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक रणनीति को मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular