रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला
ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। अब भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी ने अभिनेता और गायक पवन सिंह को लेकर बड़ा दावा किया है। शो के सामने आए प्रोमो में काजल राघवानी, अभिनेत्री रानी चटर्जी के साथ बातचीत करती नजर आ रही हैं। इसी दौरान उन्होंने बताया कि आखिर पवन सिंह उनके साथ फिल्मों में काम क्यों नहीं करते।

किसिंग सीन को लेकर हुआ था विवाद?
काजल राघवानी ने दावा किया कि फिल्म ‘कैसे हो जाला प्यार’ की शूटिंग के दौरान एक किसिंग सीन को लेकर विवाद हुआ था। उनके मुताबिक, यह सीन जबरदस्ती फिल्म में शामिल किया गया था और उन्होंने इसे करने से इनकार कर दिया।
काजल ने बताया कि उनके मना करने के बाद पवन सिंह सेट से चले गए थे। उन्होंने आगे दावा किया कि इसके बाद पवन सिंह ने उनके साथ दोबारा काम नहीं करने की बात कही।
‘जिंदगी भर काम नहीं करूंगा’
प्रोमो में काजल राघवानी की बात सुनकर रानी चटर्जी कहती हैं कि शायद पवन सिंह का ईगो हर्ट हो गया होगा। इसके जवाब में काजल ने दावा किया कि पवन सिंह ने कहा था कि “इसके साथ तो मैं जीवन भर काम नहीं करूंगा।”
काजल ने आगे कहा कि स्टार लोग ज्यादा से ज्यादा किसी कलाकार को किसी प्रोजेक्ट में लेने से मना कर सकते हैं। रानी चटर्जी ने भी उनकी बात पर सहमति जताई।
अब पवन सिंह के रिएक्शन का इंतजार
काजल राघवानी के इस दावे के बाद अब सबकी नजर पवन सिंह के रिएक्शन पर है। खास बात यह है कि पवन सिंह भी ‘भोजपुरी बवाल’ का हिस्सा हैं। शो का पहला सीजन 2 अगस्त से शुरू हुआ है और भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े विवादों और खुलासों के चलते यह लगातार चर्चा में बना हुआ है।
हालांकि, काजल राघवानी की ओर से किए गए इन दावों पर पवन सिंह की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
