लखनऊ। राजधानी लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में बुधवार सुबह रजिस्ट्रेशन लाइन को लेकर तीमारदार और गार्ड के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। हंगामे के चलते कुछ समय के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी प्रभावित हुई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
रजिस्ट्रेशन लाइन को लेकर शुरू हुआ विवाद
लोकबंधु अस्पताल में रोजाना दो हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं। बुधवार सुबह रजिस्ट्रेशन के लिए मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान दो मरीजों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
मामला बढ़ता देख अस्पताल के गार्ड ने हस्तक्षेप किया। इसी दौरान एक मरीज की गार्ड से भी कहासुनी हो गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। काफी देर तक अस्पताल परिसर में हंगामा चलता रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया शांत
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद अस्पताल में स्थिति सामान्य हो सकी।
लोकबंधु अस्पताल के निदेशक डॉ. विवेक गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो मरीजों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर गार्ड ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद मरीज और गार्ड के बीच भी बहस हो गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामला अस्पताल के स्टाफ से जुड़ा नहीं था और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
