रिपोर्ट: शिवाकांत पांडेय
कुशीनगर। नेपाल से छोड़े गए अतिरिक्त पानी के चलते संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए कुशीनगर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने सीमावर्ती और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।

डीएम और एसपी ने खड्डा क्षेत्र के शिवपुर, मारचवा समेत अन्य संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जलस्तर और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली।
राहत-बचाव की तैयारियां तेज
संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने राहत और बचाव टीमों को तैनात कर दिया है। जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की भी तैयारी की गई है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से खाने-पीने और रहने की व्यवस्था में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से सुरक्षित रहने और सतर्कता बरतने की अपील की।
पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद
एसपी केशव कुमार ने ग्रामीणों से कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस उनके साथ खड़ी है और घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की।

प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
