Homeउत्तर प्रदेशमुफ्त बस यात्रा से बुजुर्ग महिलाओं के चेहरे खिले

मुफ्त बस यात्रा से बुजुर्ग महिलाओं के चेहरे खिले

न्यूज डेस्क ,लखनऊ 

उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू होने पर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचीं कई बुजुर्ग महिलाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद के दौरान भावुक हो गईं।

उन्होंने कहा कि अब अयोध्या, काशी समेत प्रदेश के किसी भी हिस्से में जाने के लिए किराये की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और यात्रा के लिए किसी पर निर्भर भी नहीं रहना होगा। मुख्यमंत्री को देखते ही महिलाओं ने ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष किया। वहीं, बेटियों ने कहा कि उन्हें योगी सरकार पर गर्व है। 

अब जहां चाहेंगे, वहां जाएंगे’

गोसाईंगंज की गणेश देवी ने निशुल्क यात्रा सुविधा शुरू होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अब वह बिना चिंता के यात्रा कर सकेंगी। राजरानी ने कहा कि अब जहां जाने की इच्छा होगी, वहां जा सकेंगी। लखनऊ के निजामपुर की मिठाना देवी ने भी सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब यात्रा के लिए किसी दूसरे पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

कार्यक्रम में पहुंचीं कई बुजुर्ग महिलाओं ने अयोध्या और काशी जैसे धार्मिक स्थलों की यात्रा करने की इच्छा जताई। उनका कहना था कि किराये की चिंता खत्म होने से अब तीर्थयात्रा करना भी आसान हो जाएगा।

 छात्राओं में रक्षाबंधन को लेकर उत्साह

मुंशी पुलिया निवासी नारी शिक्षा निकेतन पीजी कॉलेज की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा अंजली श्रीवास्तव ने कहा कि वह रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने जाएंगी और निशुल्क बस यात्रा की सुविधा का लाभ उठाएंगी। जानकीपुरम की आस्था राजपूत ने बताया कि वह अपनी मां के साथ भाई को राखी बांधने जाएंगी और दोनों इस सुविधा का लाभ लेंगी।

खदरा की शगुन निषाद भी योजना को लेकर उत्साहित नजर आईं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं को साड़ी और मिठाई भी दी गई। अहमामऊ की रचना रावत ने कहा कि पहली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें काफी अच्छा लगा। महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं के बारे में सुनकर उनका उत्साह और बढ़ा।

महिलाओं और बच्चों की चिंता करते हैं मुख्यमंत्री

फैजुल्लागंज की हिना परवीन ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए मुख्यमंत्री की सोच और योजनाओं को देखकर गर्व महसूस होता है। सिद्धार्थनगर की दिव्या पाठक ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुविधा को लेकर मुख्यमंत्री की सोच दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं।

कार्यक्रम में सरोजनीनगर की कृष्णावती, जनक दुलारी और उबराजा समेत बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हुईं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका उत्साह देखने लायक था। इनमें कई महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और सरकार के सहयोग से सिलाई, कताई-बुनाई जैसे काम कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

 महिलाओं ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

उन्नाव की सुनीता अवस्थी ने मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान सरकार की ओर से महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं के लिए आभार जताया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से यदि परिवार की ओर से पैसे न भी मिलें, तब भी महिलाएं मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए यह बहुत अच्छी पहल है और वह चाहेंगी कि योगी सरकार बार-बार सत्ता में आए।

उन्नाव की पुष्पा ने भी मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मुफ्त बस सेवा की सुविधा मिलने से उन्हें बहुत खुशी है।

लखनऊ की उषा पाल ने कहा कि अब महिलाओं को कहीं आने-जाने के लिए किसी का मोहताज नहीं रहना पड़ेगा। वे अपनी इच्छा के अनुसार निश्चिंत होकर यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि सफर करने वाली महिलाएं उनका नाम लेंगी। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब अच्छे लोगों को चुना जाता है तो अच्छा ही होता है।

सीतापुर की रीता सक्सेना ने भी महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा शुरू करने पर मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब सीतापुर से लखनऊ आना-जाना आसान होगा और महिलाओं को किसी पर आश्रित नहीं रहना पड़ेगा। इच्छा होने पर वे मंदिर, अयोध्या और बनारस समेत अन्य स्थानों पर जा सकेंगी।

गाजीपुर की लायका खातून ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि अब महिलाओं का सफर आसान हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अच्छी सरकार चुनी जाती है तो लोगों को इसी तरह कई सुविधाओं का लाभ मिलता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular