Homeउत्तर प्रदेशयोगी सरकार AI वाइस बॉट से लेगी मरीजों का फीडबैक

योगी सरकार AI वाइस बॉट से लेगी मरीजों का फीडबैक

न्यूज डेस्क,लखनऊ

योगी सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए अब AI तकनीक का इस्तेमाल करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नोडल स्टेट हेल्थ एजेंसी साचीज AI आधारित वाइस बॉट विकसित कर रही है। इसके जरिए आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों और उनके तीमारदारों से फोन पर सीधे अस्पताल और इलाज से जुड़ा फीडबैक लिया जाएगा।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि वाइस बॉट के जरिए मरीजों से पूछा जाएगा कि उन्हें आयुष्मान योजना के तहत इलाज मिला या नहीं, इलाज के दौरान किसी परेशानी का सामना करना पड़ा या नहीं और अस्पताल में सुविधाएं कैसी थीं। इसके साथ ही कर्मचारियों के व्यवहार और इलाज के लिए किसी तरह की अनधिकृत राशि लिए जाने की जानकारी भी ली जाएगी।

AI से फीडबैक का होगा विश्लेषण

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि AI के जरिए बड़ी संख्या में मरीजों से मिले फीडबैक का विश्लेषण किया जाएगा। इससे ऐसे मामलों की पहचान की जा सकेगी, जिनमें तत्काल कार्रवाई की जरूरत है। इलाज न मिलने, अतिरिक्त पैसा मांगने, खराब व्यवहार या अस्पताल से जुड़ी अन्य शिकायतों को संबंधित टीम तक पहुंचाया जा सकेगा।

फिलहाल मरीजों से मैनुअल कॉल के जरिए सीमित स्तर पर फीडबैक लिया जाता है। इसमें अधिक समय और मानव संसाधन की जरूरत पड़ती है। AI वाइस बॉट के जरिए बड़ी संख्या में मरीजों से कम समय में संपर्क कर उनका अनुभव दर्ज किया जा सकेगा।

मरीज की आवाज बनेगी स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का आधार

सरकार का मानना है कि अस्पतालों की निगरानी केवल आंकड़ों के आधार पर नहीं, बल्कि मरीज के वास्तविक अनुभव के आधार पर भी होनी चाहिए। AI से मिले फीडबैक के आधार पर अस्पतालों की निगरानी, शिकायत निवारण, ऑडिट और स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार करने में मदद मिलेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular