Homeउत्तर प्रदेशजनता दर्शन में सीएम योगी की संवेदनशीलता, बीमार बहन को एंबुलेंस से...

जनता दर्शन में सीएम योगी की संवेदनशीलता, बीमार बहन को एंबुलेंस से भेजा लोहिया संस्थान

रिपोर्ट- गोविंद कश्यप

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में सोमवार को संवेदनशीलता की तस्वीर देखने को मिली। अयोध्या से पहुंचे श्याम सोनकर ने अपनी गंभीर रूप से बीमार बहन बबिता के इलाज की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। मामले की जानकारी मिलते ही सीएम योगी ने तत्काल अधिकारियों को इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बबिता को मुख्यमंत्री आवास से एंबुलेंस के जरिए लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू हो गया।

AE

आर्थिक स्थिति कमजोर, इलाज को लेकर परेशान था परिवार

श्याम सोनकर ने बताया कि उनकी बहन बबिता पिछले कुछ दिनों से अयोध्या में भर्ती थीं। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर किया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन इलाज को लेकर परेशान थे।

भाई की समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अस्पताल पहुंचने के बाद बबिता का उपचार शुरू हुआ। बहन के भर्ती होने और इलाज शुरू होने की जानकारी मिलने पर श्याम भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए।

‘पैसों की कमी से नहीं रुकेगा इलाज’

श्याम ने मुख्यमंत्री आवास पर फोन कर बहन के इलाज की जानकारी दी और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। जनता दर्शन में कई अन्य लोग भी इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज से संबंधित एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।

बच्ची से बात कर खिलाया चॉकलेट

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय अंदाज भी देखने को मिला। एक बच्ची अपनी मां के साथ फरियाद लेकर पहुंची थी। सीएम योगी ने पहले उसकी मां की समस्या सुनी और फिर बच्ची से बातचीत की। उन्होंने बच्ची को दुलारा और उसके लिए चॉकलेट मंगवाई। मुख्यमंत्री के हाथ में चॉकलेट देखकर बच्ची खिलखिला उठी, जिससे कुछ देर के लिए जनता दर्शन का माहौल खुशनुमा हो गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular