Homeदेश विदेशपीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर BJP मनाएगी ‘सेवा...

पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर BJP मनाएगी ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 सितंबर से होंगे कई कार्यक्रम

न्यूज़ डेस्क- शिमला

शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। भाजपा के मुताबिक, अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सेवा भाव और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने शिमला में पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर देशभर के करोड़ों घरों में ‘सेवा’ और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प का दीप जलाया जाएगा।

प्रदेशभर में लगेंगे रक्तदान शिविर

अभियान के दौरान भाजयुमो की ओर से हिमाचल प्रदेश में बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। भाजपा का दावा है कि इन शिविरों के माध्यम से ब्लड बैंकों की क्षमता को पूरी तरह भरने का प्रयास किया जाएगा।

इसके अलावा स्कूलों में ‘मेरा भारत कैसा था, कैसा है और 2047 में कैसा होगा’ विषय पर पेंटिंग, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। स्वच्छता अभियान, वृद्धाश्रम और अनाथालयों में सेवा, जल संरक्षण, पौधारोपण और चिकित्सा सेवा जैसे कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।

महिलाएं ‘विकसित भारत 2047’ और ‘मोदी जी के जीवन पर सेवा संकल्प’ विषय पर रंगोली भी बनाएंगी।

सितंबर में 170 स्थानों पर जन आंदोलन का ऐलान

राजीव बिंदल ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अगस्त में 121 स्थानों पर सड़कों और कथित झूठी गारंटियों को लेकर धरना-प्रदर्शन किए। सितंबर में पार्टी 170 स्थानों पर स्थानीय मुद्दों और महिलाओं से जुड़े मामलों को लेकर जन आंदोलन करेगी।

बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकार ने चार साल में 1.70 लाख पद खाली छोड़ दिए और एक भी पक्की पेंशन वाली नौकरी नहीं दी। उन्होंने 16वें वित्त आयोग की राशि को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

लॉटरी के फैसले का किया विरोध

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार के लॉटरी शुरू करने के फैसले का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि लॉटरी से परिवार बर्बाद होते हैं और सरकार को राजस्व कमाने के लिए ऐसा फैसला नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा इस फैसले का विरोध जारी रखेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular