लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बुधवार को ज्वाइनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा और साउथ फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री जारा खान ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने दोनों का स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
अभिनेत्री जारा खान ने कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुहेल अख्तर अंसारी और प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब खान के माध्यम से पार्टी की सदस्यता ली। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दोनों के पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और पार्टी का जनाधार बढ़ेगा।
राहुल गांधी की विचारधारा से प्रभावित होने का दावा
कांग्रेस नेता हसीब खान ने कहा कि राहुल गांधी की विचारधारा और उनके द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों से लगातार लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से कांग्रेस से जुड़ने वालों की संख्या बढ़ रही है।
हसीब खान ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को न्याय के लिए भटकना पड़ता है या जिनकी शिकायतों पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, कांग्रेस उनके मुद्दों को उठाने का काम करती है।
2029 में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का दावा
हसीब खान ने दावा किया कि वर्ष 2029 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं और इससे पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।
कांग्रेस की ओर से कहा गया कि पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा और अभिनेत्री जारा खान के पार्टी में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
