रिपोर्ट: अजयपाल यादव
बदायूं। जिले में करीब 200 करोड़ रुपये के चिटफंड घोटाले के मामले में पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। चिटफंड कंपनी के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये जमा कराने के बाद फरार चल रहे आरोपी दो भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चिटफंड कंपनी के नाम पर निवेशकों से रकम जमा कराई थी। बड़ी संख्या में लोगों से रुपये लेने के बाद दोनों भाई अचानक फरार हो गए। इसके बाद निवेशकों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में एसटीएफ नोएडा और कोतवाली बदायूं पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शशिकांत और सूर्यकांत के रूप में हुई है। दोनों पर पुलिस की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस को उम्मीद है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद चिटफंड घोटाले से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं। निवेशकों से जुटाई गई रकम, कंपनी के नेटवर्क और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
