Homeउत्तर प्रदेशमिर्जापुर में दिव्यांग बच्चों के लिए बनेगा बचपन डे केयर सेंटर, 2...

मिर्जापुर में दिव्यांग बच्चों के लिए बनेगा बचपन डे केयर सेंटर, 2 करोड़ की पहली किश्त जारी

रिपोर्ट – न्यूज डेस्क लखनऊ

मिर्जापुर में दिव्यांग बच्चों के लिए बचपन डे केयर सेंटर का भवन बनाया जाएगा। योगी सरकार ने इसके निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है। सेंटर के भवन निर्माण पर कुल 328.42 लाख रुपये खर्च होंगे।

यह केंद्र 3 से 7 वर्ष की उम्र के श्रवणबाधित, मानसिक मंदित और दृष्टिबाधित बच्चों की प्री-स्कूल रेडीनेस के लिए उपयोगी होगा। प्रदेश के 18 मंडलीय जनपदों में ऐसे बचपन डे केयर सेंटर संचालित किए जा रहे हैं।

सरकार के मुताबिक, केंद्र के जरिए दिव्यांग बच्चों के कल्याण, विकास और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

निर्माण कार्य सक्षम स्तर से तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद ही शुरू होगा। इसके अलावा जरूरी वैधानिक अनापत्तियां और पर्यावरणीय क्लियरेंस लेना भी अनिवार्य होगा। निर्माण में तय मानकों और गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग और कार्यदायी संस्था की होगी।

उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव राकेश कुमार यादव ने इस संबंध में निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को स्वीकृति पत्र जारी किया है। स्वीकृत राशि का उपयोग वित्तीय नियमों के अनुसार जरूरत के मुताबिक किश्तों में किया जाएगा।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular