Hartalika Teej 2026: इस साल हरतालिका तीज की तारीख को लेकर असमंजस है। भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 13 और 14 सितंबर दोनों दिन पड़ रही है। ऐसे में सवाल है कि हरतालिका तीज का व्रत और पूजन 13 सितंबर को किया जाए या 14 सितंबर को?
पंचांग के अनुसार, भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 13 सितंबर की सुबह 7:08 बजे से शुरू होकर 14 सितंबर की सुबह 7:06 बजे तक रहेगी। हरतालिका तीज के पूजन में तिथि के साथ उसके संयोग को भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
13 या 14 सितंबर, कब है हरतालिका तीज?
शास्त्रों में भाद्रपद शुक्ल तृतीया को हरतालिका तीज का व्रत रखने का विधान बताया गया है। साथ ही द्वितीया युक्त तृतीया तिथि को हरतालिका तीज के लिए उचित नहीं माना गया है। इसके मुकाबले चतुर्थी युक्त तृतीया को श्रेष्ठ माना गया है।
13 सितंबर को तृतीया तिथि सुबह 7:08 बजे से शुरू होगी। इसलिए इस दिन तृतीया के साथ द्वितीया का संयोग बन रहा है। वहीं 14 सितंबर को सुबह 7:06 बजे तक तृतीया तिथि की उदयातिथि रहेगी और इसके बाद चतुर्थी शुरू होगी।
इस आधार पर 14 सितंबर 2026 को हरतालिका तीज का व्रत रखना और पूजा करना शास्त्र सम्मत एवं श्रेष्ठ माना जा रहा है।
हरतालिका तीज 2026 पूजा मुहूर्त
14 सितंबर को सुबह ब्रह्म मुहूर्त 4:32 बजे से 5:19 बजे तक रहेगा। इस दौरान स्नान आदि से निवृत्त होकर हरतालिका तीज व्रत और भगवान शिव-पार्वती की पूजा का संकल्प लिया जा सकता है।
अगर आपके यहां सुबह हरतालिका तीज की पूजा करने की परंपरा है तो सुबह 6:05 बजे से 7:06 बजे के बीच पूजा करना शुभ रहेगा। इस दौरान अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त भी रहेगा।
अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:52 बजे से दोपहर 12:41 बजे तक रहेगा।
प्रदोष काल में पूजा का समय
जिन घरों में हरतालिका तीज की पूजा प्रदोष काल में करने की परंपरा है, वहां 14 सितंबर को शाम 6:28 बजे के बाद, सूर्यास्त के बाद पूजा की जा सकती है।
इस दौरान रवि योग, इंद्र योग और स्वाति नक्षत्र का संयोग भी रहेगा।
हरतालिका तीज 2026 राहुकाल
14 सितंबर को राहुकाल सुबह 7:38 बजे से 9:11 बजे तक रहेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार राहुकाल में शुभ कार्य और पूजा के महत्वपूर्ण संकल्प से बचना चाहिए।
