आसनसोल। पश्चिम बंगाल में बाबा बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नॉनवेज को लेकर दिए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। आसनसोल में लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में बाबा बागेश्वर की तस्वीर वाले बैनर पर चप्पल और पैर से प्रहार कर विरोध जताया।
दरअसल, हावड़ा में कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दुर्गा पूजा और नवरात्रि के दौरान पूजा पंडालों के आसपास मांसाहारी भोजन न बनाने और न बेचने की अपील की थी। उन्होंने देवी प्रतिमाओं के पास नॉनवेज पकाने या बेचने को धर्म का अपमान बताया था। उनके इस बयान के बाद बंगाल में राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा हो गया।
बीजेपी ने भी बयान से बनाई दूरी
धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर बीजेपी के बंगाल अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी असहमति जताई थी। उन्होंने कहा था कि कोई बाबा स्वामी विवेकानंद से बड़ा नहीं है और लोगों को क्या खाना चाहिए या क्या नहीं, यह कोई बाबा तय नहीं कर सकता।
वहीं, टीएमसी, कांग्रेस और लेफ्ट ने भी इस मुद्दे को लेकर धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साधा था।
वीएचपी की अपील का किया था समर्थन
धीरेंद्र शास्त्री ने विश्व हिंदू परिषद की उस अपील का समर्थन किया था, जिसमें दुर्गा पूजा पंडालों में नॉनवेज भोजन नहीं रखने की बात कही गई थी। वीएचपी ने चेतावनी दी थी कि नियम का पालन नहीं करने वाले पंडालों में हस्तक्षेप किया जाएगा।
बताया गया है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 5 सितंबर को कोलकाता पहुंचे थे, जिसके बाद हावड़ा में उनकी कथा शुरू हुई। अब उनके बयान के विरोध में आसनसोल में प्रदर्शन सामने आया है।
