लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में लंबे समय से काम कर रहे करीब 100 सुरक्षा कर्मियों को हटाए जाने के विरोध में सोमवार को कर्मचारियों ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के साथ गेट नंबर-1 के पास धरना प्रदर्शन किया। नौकरी जाने से नाराज सुरक्षा कर्मियों ने रोजगार बहाल करने की मांग को लेकर नारेबाजी की और विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
12 वर्षों से सेवा का दावा
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मी शामिल हुए। कर्मचारियों का कहना है कि वे कई वर्षों से लखनऊ विश्वविद्यालय में सेवाएं दे रहे हैं। कुछ गार्डों ने वर्ष 2018 से लगातार काम करने की बात कही, जबकि कुलसचिव को दिए पत्र में करीब 12 वर्षों से सेवा देने का दावा किया गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद उन्हें अचानक नौकरी से हटाया जा रहा है।
नौकरी जाने से आर्थिक संकट
सुरक्षा कर्मियों ने कहा कि रोजगार छिनने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई और परिवार का खर्च चलाने के लिए यही नौकरी मुख्य सहारा थी। अचानक नौकरी जाने से उनके सामने परिवार की जिम्मेदारियां पूरी करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों का दावा है कि बिना कुलसचिव की अनुमति किसी कर्मचारी को हटाने का आदेश नहीं है। इसके बावजूद एजेंसी की ओर से कई गार्डों को हटाया जा चुका है। उनका आरोप है कि करीब 60 फीसदी सुरक्षा कर्मियों को हटाने की तैयारी चल रही है।
एजेंसी ने मानकों का दिया हवाला
गार्डों का कहना है कि वर्षों की सेवा के दौरान उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं रही है। वहीं, एजेंसी की ओर से निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने वाले सुरक्षा कर्मियों को हटाने की बात कही जा रही है। कर्मचारियों ने कहा कि वे सभी निर्धारित मानकों को पूरा करने के लिए तैयार हैं।
सुरक्षा कर्मियों ने विश्वविद्यालय में खाली पड़े चौकीदार और अन्य पदों पर योग्यता के अनुसार समायोजित किए जाने की मांग भी की है। उन्होंने कुलसचिव से सभी गार्डों के हितों की रक्षा करने और उन्हें नौकरी से न हटाने की अपील की।
NSUI ने दिया समर्थन
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भी सुरक्षा कर्मियों की मांग का समर्थन किया। संगठन ने हटाए गए सभी सुरक्षाकर्मियों को दोबारा काम पर रखने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक वे अपनी मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।
बीते दिन लखनऊ विश्वविद्यालय में सुरक्षा कर्मियों के विरोध प्रदर्शन से गेट नंबर-1 के आसपास काफी देर तक हलचल बनी रही।
