न्यूज डेस्क, दिल्ली
जापान के आइची-नागोया में होने वाले 2026 एशियाई खेलों में भारत 503 एथलीटों के दल के साथ मजबूत चुनौती पेश करने की तैयारी में है। ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु और मीराबाई चानू भारतीय दल की प्रमुख उम्मीदों में शामिल हैं। भारत की नजर हांगझोऊ खेलों के रिकॉर्ड प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए एशिया में अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखने पर है।
भारत ने हांगझोऊ में जीते थे 106 पदक
हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 106 पदक जीते थे। अब भारतीय खिलाड़ी जापान में इस प्रदर्शन को और बेहतर करने की कोशिश करेंगे। हालांकि, टखने की चोट के कारण जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा के बाहर होने से भारत को बड़ा झटका लगा है।
गोल्ड के 5 बड़े दावेदार
पीवी सिंधु (बैडमिंटन): दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु भारतीय बैडमिंटन टीम की प्रमुख खिलाड़ियों में हैं। उनकी नजर एशियाई खेलों के व्यक्तिगत गोल्ड मेडल पर होगी।
मीराबाई चानू (वेटलिफ्टिंग): ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई चानू एशियाई खेलों में गोल्ड जीतकर अपने पदकों के संग्रह को पूरा करना चाहेंगी।
मनु भाकर (शूटिंग): पेरिस ओलंपिक की स्टार निशानेबाज मनु भाकर भारतीय शूटिंग टीम की प्रमुख उम्मीद हैं। उनके अनुभव और सटीक निशाने से भारत को पदक की उम्मीद होगी।
अमन सहरावत (रेसलिंग): ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अमन सहरावत 15 सदस्यीय भारतीय कुश्ती टीम की अगुवाई करेंगे। उनसे गोल्ड मेडल की उम्मीद की जा रही है।
लवलीना बोरगोहेन (बॉक्सिंग): भारतीय बॉक्सिंग टीम की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल लवलीना बोरगोहेन भी गोल्ड की दावेदार होंगी। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय मुक्केबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद टीम से काफी उम्मीदें हैं।
क्रिकेट और हॉकी में भी बड़ी उम्मीदें
क्रिकेट में पुरुष टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे हैं, जबकि युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी भी टीम का हिस्सा हैं। महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी। दोनों टीमें अपने T20 खिताब को बरकरार रखने के इरादे से उतरेंगी।
हॉकी टूर्नामेंट भी भारत के लिए बेहद अहम होंगे। पुरुष और महिला हॉकी में गोल्ड जीतने वाली टीमों को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन मिलेगा।
युवा खिलाड़ियों से भी उम्मीद
भारत को युवा खिलाड़ियों से भी बड़ी उम्मीदें हैं। गुलवीर सिंह 1500 मीटर, 5000 मीटर और 10,000 मीटर में चुनौती पेश करेंगे। इसके अलावा लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर, आयुष शेट्टी और साक्षी चौधरी जैसे खिलाड़ी भी अपनी हालिया फॉर्म को पदक में बदलने की कोशिश करेंगे।
आइची-नागोया एशियाई खेलों में 43 खेलों में 10 हजार से अधिक एथलीट हिस्सा लेंगे। खेलों की आधिकारिक शुरुआत 10 सितंबर से हो चुकी है, जबकि उद्घाटन समारोह 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
