Homeउत्तर प्रदेशआगरा पहुंचे प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी का अखिलेश पर हमला, बोले- सपा...

आगरा पहुंचे प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी का अखिलेश पर हमला, बोले- सपा गठबंधन धर्म नहीं जानती

रिपोर्ट – ममता भारद्वाज

आगरा। प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी आज आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव परिवार और गठबंधन को लेकर खुद कंफ्यूज हैं। सपा गठबंधन धर्म नहीं जानती।

परिवार में भारी अंतर्विरोध- भूपेंद्र चौधरी

शिवपाल यादव को लेकर पूछे गए सवाल पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव के परिवार में भारी अंतर्विरोध है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले परिवार के ये अंतर्विरोध सबके सामने आ जाएंगे।

अखिलेश यादव के गठबंधन से जुड़े बयानों पर भी प्रभारी मंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन धर्म को नहीं समझती और चुनाव के समय उसकी स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।

जयंत चौधरी को लेकर कही ये बात

राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी को लेकर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि वह एनडीए का हिस्सा हैं और विकास की यात्रा के साथ हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा और सपा का सफाया करने के लिए तैयार है।

यूजीसी प्रदर्शन पर भी बोले प्रभारी मंत्री

यूजीसी के मुद्दे पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ देश विरोधी ताकतें लोगों में भ्रम फैलाने और देश को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं।

टिकट कटने के सर्वे पर बोले- जानकारी नहीं

विधायकों के टिकट कटने को लेकर किए जा रहे सर्वे के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि उन्हें ऐसे किसी सर्वे की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि टिकट का फैसला पार्टी की चुनाव समिति करती है और अभी इस मामले में कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

बापू नगर में सिंचाई विभाग के नोटिस पर भी दिया जवाब

बापू नगर में सिंचाई विभाग की ओर से जारी नोटिस के सवाल पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि विभाग से बातचीत कर कार्रवाई के कारणों की जानकारी ली जाएगी।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत गांव-गांव यात्राएं निकाली जाएंगी और करीब 25 स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular