Homeदेश विदेशबारामती में 40 छात्रों को ले जा रही स्कूल बस पलटी, कई...

बारामती में 40 छात्रों को ले जा रही स्कूल बस पलटी, कई बच्चे घायल; सुपे घाट में हुआ हादसा

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में बुधवार सुबह स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस हादसे का शिकार हो गई। सुपे घाट में चढ़ाई के दौरान बस अनियंत्रित होकर पीछे की ओर जाने लगी और पलट गई। हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में करीब 30 से 40 छात्र सवार बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बस में फंसे और घायल छात्रों को बाहर निकाला। घायल बच्चों को इलाज के लिए चौफुला के हर्ष हॉस्पिटल समेत आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कुछ छात्रों को चोटें आई हैं, जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक जांच के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

रोज इसी मार्ग से स्कूल जाती थी बस

बताया गया कि स्कूल बस रोज सुबह करीब साढ़े सात बजे पटसाव से बच्चों को लेने के लिए निकलती थी। इसके बाद कुसेगांव, पाडवी, गायकवाड़ माला और सुपे घाट होते हुए विद्यार्थियों को विद्याप्रतिष्ठान क्लस्टर स्कूल पहुंचाया जाता था।

बुधवार सुबह भी बस निर्धारित मार्ग से छात्रों को लेकर स्कूल जा रही थी। सुपे घाट की चढ़ाई के दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर खिसकने लगी। इसी दौरान बस पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

युगेंद्र पवार ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

हादसे की जानकारी मिलने के बाद विद्याप्रतिष्ठान संस्थान के ट्रस्टी और कोषाध्यक्ष युगेंद्र पवार ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों का हाल भी जाना और इलाज की जानकारी ली।

सुनेत्रा पवार ने अधिकारियों से ली हादसे की जानकारी

उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने भी सुपे घाट बस हादसे की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बस में सुपे के विद्याप्रतिष्ठान स्कूल के करीब 30 से 40 छात्र सवार थे। हादसे में कुछ छात्रों के घायल होने की जानकारी है और उनका इलाज पटास, चौफुला तथा लोनी कालभोर के अस्पतालों में कराया जा रहा है।

सुनेत्रा पवार के मुताबिक उन्होंने छात्रों की स्थिति की जानकारी लेने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और स्कूल के प्रिंसिपल से बात की। उन्होंने डॉक्टरों को घायल छात्रों को तत्काल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को राहत कार्य और संबंधित विभागों के बीच समन्वय की निगरानी करने को कहा गया है।

हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। फिलहाल प्रशासन और स्थानीय स्तर पर राहत एवं उपचार का काम जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular