गोरखपुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखपुर स्थित श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर में आयोजित विश्वकर्मा पूजनोत्सव कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अलग-अलग कारीगरी और हस्तशिल्प से जुड़े तीन करोड़ से अधिक लोग रोजगार प्राप्त कर स्वावलंबन का जीवन जी रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किया गया। कारीगरों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक, नए बाजार, बेहतर पैकेजिंग और डिजाइनिंग से जोड़ने पर जोर दिया गया है। इससे कारीगरों और हस्तशिल्पियों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर तैयार हुए हैं।
कारीगरों को मिला ‘पीएम विश्वकर्मा’ का मंच
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों को ‘पीएम विश्वकर्मा’ योजना के माध्यम से एक मंच उपलब्ध कराया है। राजमिस्त्री, बढ़ई, सुनार, हलवाई सहित विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगर लंबे समय से समाज के स्वावलंबन का आधार रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कारीगरों को टूलकिट उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण देने और बैंक से सस्ता ऋण दिलाने की व्यवस्था की गई है। सरकार का उद्देश्य पारंपरिक हुनर को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप विकसित करते हुए कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाना है।
आजादी के बाद कारीगरों की उपेक्षा का आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक पारंपरिक कारीगरों और हस्तशिल्पियों की उपेक्षा होती रही। पहली बार सरकार ने उनकी जरूरतों और समस्याओं पर ध्यान देते हुए उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद इस दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है कि आज प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक लोग अलग-अलग कारीगरी और हस्तशिल्प के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी को दी जन्मदिन की बधाई
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने बाबा गोरखनाथ की धरती से उत्तर प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने बाबा गोरखनाथ और भगवान विश्वकर्मा से प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की परिकल्पना को कारीगरों, हस्तशिल्पियों, युवा शक्ति और नारी शक्ति के माध्यम से साकार किया जाएगा।
हर वर्ष मंदिर आना सौभाग्य: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें प्रत्येक वर्ष श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर आने का अवसर मिलता है और यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि दशकों पहले जिस भावना के साथ मंदिर की व्यवस्था को आगे बढ़ाने का कार्य शुरू हुआ था, उसे आज भी जारी रखा जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा से संबंधित पुस्तक का विमोचन भी किया। विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मंदिर समिति के मंत्री श्याम बाबू शर्मा ने उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान किया, जबकि रवि पांचाल ने अंगवस्त्र भेंट किया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री साकेत मिश्रा, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, श्री विश्वकर्मा पंचायत मंदिर के अध्यक्ष विद्यानंद शर्मा समेत विश्वकर्मा समाज से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
