Homeउत्तर प्रदेशविकास भवन परिसर में मनाया गया 11वां आयुर्वेद दिवस, योग प्रदर्शन के...

विकास भवन परिसर में मनाया गया 11वां आयुर्वेद दिवस, योग प्रदर्शन के साथ हुआ औषधीय पौधों का रोपण

रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय

हमीरपुर। विकास भवन परिसर, कुछेछा में बुधवार को 11वां आयुर्वेद दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित कार्यक्रम की इस वर्ष की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” रही।

कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर, योग प्रदर्शन और औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन और धन्वंतरि पूजन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष कुलदीप निषाद, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम और जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया

इस दौरान वक्ताओं ने आयुर्वेद दिवस के उद्देश्य और आयुष चिकित्सा पद्धतियों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दैनिक जीवन में स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर में मिला परामर्श

आयुष विभाग की ओर से परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

चिकित्सकों ने लोगों को आयुष चिकित्सा पद्धतियों के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति नियमित रूप से सजग रहने की जानकारी दी।

बच्चों ने किया योग का प्रदर्शन

कार्यक्रम के दौरान योग शिविर का भी आयोजन किया गया। पतंजलि योग समिति के बच्चों ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया। इसके माध्यम से नियमित योग और संतुलित जीवनशैली के महत्व का संदेश दिया गया।

विकास भवन परिसर में लगाए गए औषधीय पौधे

पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य का संदेश देते हुए विकास भवन परिसर में औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न के रूप में तुलसी के पौधे भेंट किए गए।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निरेन्द्र बहादुर सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अतिथियों, चिकित्सकों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और पतंजलि योग समिति के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने लोगों से आयुर्वेद और योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा उपलब्ध आयुष चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन जलीस खान ने किया। इस मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) सुजीत कुमार समेत आयुष विभाग के चिकित्सक, फार्मासिस्ट, कर्मचारी और पतंजलि योग समिति की प्रभारी रानी बाथम सहित अन्य लोग मौजूद रहे

RELATED ARTICLES

Most Popular