रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात स्लीपर बस में लगी भीषण आग के हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने पीएम राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।
यह हादसा 23-24 सितंबर की देर रात जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही बस में अचानक आग लग गई। बस का पंजीकरण नंबर BR32PA8647 बताया गया है।
30 से ज्यादा यात्रियों के सवार होने की जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और बचाव दल ने कई यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। हालांकि, बस के अंदर घना धुआं भरने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
जांच के दौरान बस के अंदर 9 यात्री मृत पाए गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनकी मौत जलने और दम घुटने से हुई। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

बस में आग लगने की वजह की जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में बस के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट या स्पार्क की आशंका जताई गई है। इसके बाद इंजन में मौजूद लुब्रिकेंट ऑयल ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग पूरी बस में फैल गई। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि के लिए पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।
यात्रियों की ओर से बस के कंडक्टर पर बीड़ी पीने का आरोप भी लगाया गया है। यात्रियों का कहना है कि धुआं दिखाई देने के बाद बस रोकने को कहा गया था। इन आरोपों की भी जांच की जा रही है।
ड्राइवर-कंडक्टर हिरासत में
हादसे के बाद पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे की वजह के साथ-साथ बस में सुरक्षा व्यवस्था और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताया। पीएमओ के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके साथ ही PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की थी।
