रिपोर्ट- शिवाकांत पाण्डेय
कुशीनगर। नवागत जिलाधिकारी संजय चौहान ने कुशीनगर की कमान संभालने के बाद अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
कृषि, खाद-उर्वरक और धान खरीद की समीक्षा
डीएम ने कृषि विश्वविद्यालय, खाद एवं उर्वरक की उपलब्धता, धान खरीद और खाद्यान्न भंडारण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने धान खरीद के लिए वेयरहाउस पहले से तैयार रखने और आवश्यकता पड़ने पर नए वेयरहाउस का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
स्कूलों में सफाई और जलभराव दूर करने पर जोर
बैठक में विद्यालयों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने स्कूलों में साफ-सफाई, मिड-डे मील की गुणवत्ता और जलभराव की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा।
गोवंश संरक्षण और गौशालाओं की क्षमता बढ़ाने के निर्देश
संजय चौहान ने गोवंश संरक्षण की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए गौशालाओं की क्षमता बढ़ाने और जियो-ट्रैकिंग की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही अवैध और कच्ची शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं और बिजली व्यवस्था पर भी फोकस
डीएम ने PHC और CHC में स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं और जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। बिजली आपूर्ति की समीक्षा करते हुए खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने और बिल से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
IGRS शिकायतों के निस्तारण पर सख्ती
जिलाधिकारी ने IGRS पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण को लेकर अधिकारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
युवाओं और उद्यमियों को ऋण दिलाने पर जोर
डीएम ने युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय बनाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और विकास कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
