रिपोर्ट – अमित शुक्ला
ऐरवा कटरा। शुक्रवार शाम से लगातार हो रही बारिश के चलते गांव एरवा टीकुर में शनिवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां सनत तिवारी के घर के बाहर बनी बैठक की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
बताया गया कि घटना के समय सनत तिवारी अपने परिवार के साथ घर के दूसरे हिस्से में मौजूद थे। परिवार के सनत तिवारी, अमित, आलोक, अनुज, आयुष, शिवकुमारी, प्रीति, कंचन और सुनीता घर पर ही थे। इसी दौरान लगातार बारिश के बीच बैठक की दीवार अचानक धराशायी हो गई।
दीवार गिरने से घर के बाहर लगा एलटी लाइन का विद्युत पोल भी टूट गया। गनीमत रही कि घटना के समय दीवार के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि होने से बच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, दीवार के पास से रास्ता गुजरता है और आमतौर पर यहां लोगों की आवाजाही रहती है। लगातार बारिश के कारण घटना के समय रास्ते पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
