28 सितंबर से प्रस्तावित बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बैठक में विभिन्न लंबित मांगों पर चर्चा के बाद हड़ताल और आंदोलन के कार्यक्रम को स्थगित करने पर सहमति बनी।
UFBU के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में लंबी चर्चा के बाद शेष शनिवार को बैंक अवकाश घोषित करने समेत कई मुद्दों पर आगे बातचीत जारी रखने का निर्णय लिया गया। इसके बाद UFBU ने अपने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को टालने पर सहमति जताई।
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर बनेगी समिति
बैठक में तय किया गया कि सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। यह समिति पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने से जुड़े विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी।
समिति विभिन्न हितधारकों से बातचीत कर ऐसा समाधान तलाशने का प्रयास करेगी, जो बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ बैंक ग्राहकों और अन्य संबंधित पक्षों के लिए भी स्वीकार्य हो। बैंक कर्मचारी संगठन लंबे समय से सभी शनिवार को अवकाश घोषित कर पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग करते रहे हैं।
PLI योजना पर भी होगी चर्चा
बैठक में स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों से जुड़ी परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर IBA के साथ आगे चर्चा करने पर सहमति बनी है।
यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों व सुझावों को ध्यान में रखते हुए योजना में जरूरी बदलाव के लिए सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखने पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी दोनों पक्ष बातचीत करेंगे और जल्द समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
28 सितंबर से प्रस्तावित थी हड़ताल
UFBU ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह, पेंशन से जुड़े मुद्दों और कर्मचारियों की अन्य मांगों को लेकर 28 सितंबर से तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था। हड़ताल के चलते सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और कुछ निजी बैंकों की सेवाएं प्रभावित होने की आशंका थी।अब IBA और UFBU के बीच हुई सहमति के बाद प्रस्तावित हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
