रिपोर्ट: न्यूज डेस्क लखनऊ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने छह उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने तीन स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में वाराणसी से केदार नाथ सिंह, मेरठ से दिनेश गोयल और इलाहाबाद-झांसी से अशोक कुमार राठौर को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में वाराणसी से डॉ. प्रमोद मिश्रा, आगरा से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद से ध्रुव त्रिपाठी को टिकट दिया गया है।

11 सीटों पर होना है चुनाव
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक श्रेणी की कुल 11 सीटों पर चुनाव होना है। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन की प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू होकर 6 अक्टूबर तक चलेगी। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
छह सीटों पर प्रत्याशी घोषित
भाजपा ने फिलहाल छह निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम सामने रखे हैं। इनमें वाराणसी, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी की स्नातक सीटें तथा वाराणसी, आगरा और गोरखपुर-फैजाबाद की शिक्षक सीटें शामिल हैं।
पार्टी की सूची सामने आने के बाद इन छह निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी प्रक्रिया और उम्मीदवारों की तैयारियां तेज होने की संभावना है। अन्य सीटों को लेकर पार्टी की ओर से अलग से घोषणा की जानी है।
