रिपोर्ट – अंकित पाण्डेय
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अल्प आय वर्ग के मेधावी छात्र-छात्राओं को शैक्षिक रूप से संबल प्रदान करने के उद्देश्य से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
आज 03 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे लोक भवन सभागार, लखनऊ से आयोजित राज्यस्तरीय सजीव कार्यक्रम के माध्यम से पूर्वदशम कक्षा 9-10 तथा दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि का ऑनलाइन अंतरण किया गया।

इसी क्रम में जनपद हमीरपुर में भी राज्यस्तरीय कार्यक्रम का 55 विद्यालयों में सजीव प्रसारण कराया गया। जनपद के 68 विद्यालयों के 4,031 पात्र छात्र-छात्राओं को कुल 9,85,840 रुपये की छात्रवृत्ति धनराशि प्रदान की गई, जिसे विद्यार्थियों के आधार सीडेड बैंक खातों में अंतरित किया गया।
जिलाधिकारी ने तीन विद्यालयों में सजीव प्रसारण की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी हमीरपुर अशोक कुमार ने छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज हमीरपुर, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हमीरपुर तथा गायत्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज भरुआ सुमेरपुर का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने विद्यालयों में सजीव प्रसारण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, छात्र-छात्राओं की सहभागिता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज हमीरपुर के परिसर में गंदगी एवं अव्यवस्था पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक महेश कुमार गुप्ता को तत्काल साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं से संबंधित कार्यक्रमों में सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहें तथा पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराया जाए।
