Homeउत्तर प्रदेशएटीएम में पत्ती लगाकर रुपये चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 27 हजार...

एटीएम में पत्ती लगाकर रुपये चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 27 हजार नकद और 7 एटीएम कार्ड बरामद

रिपोर्ट- अमित शुक्ला

फफूंद। फफूंद पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर एटीएम में छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपये चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 27 हजार रुपये नकद, सात एटीएम कार्ड और एटीएम से रुपये निकालने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, फफूंद निवासी सिराजुद्दीन के इंडिया वन एटीएम में 21 सितंबर को एक युवक पहुंचा था। उसने पहले एटीएम से 500 रुपये निकाले और इसके बाद कैश निकलने वाली जगह पर धातु की पत्ती लगा दी। इससे बाद में ग्राहकों द्वारा निकाले गए रुपये पत्ती में फंस जाते थे। ग्राहक जब रुपये नहीं निकलने पर वहां से चले जाते थे, तो आरोपी बाद में वहां पहुंचकर फंसे हुए रुपये निकाल लेता था।

इस तरीके से एटीएम के कैश डिस्पेंस स्लॉट और मशीन के दूसरे हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा था। मामले में फफूंद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने बढ़ुआ बंबा से करीब 100 मीटर आगे भाग्यनगर की ओर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने आकाश कुशवाहा (26) पुत्र बालकृष्ण कुशवाहा निवासी इंद्रानगर बैरी सवाई, थाना शिवली, कानपुर देहात को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 27 हजार रुपये, सात एटीएम कार्ड और एटीएम से रुपये निकालने में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला।

कई जिलों में कर चुका है वारदात

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मोटरसाइकिल से अलग-अलग जगहों पर जाता था और पहले एटीएम की रेकी करता था। इसके बाद कैश निकलने वाली जगह पर धातु की पत्ती लगा देता था। ग्राहकों के रुपये उसमें फंसने के बाद उनके जाने का इंतजार करता और फिर रुपये निकाल लेता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इटावा और उन्नाव समेत आसपास के जिलों में भी इसी तरीके से रुपये निकालने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि वह करीब एक साल से इस तरीके से रुपये निकाल रहा था।

आरोपी के पास से धातु की पत्तियां, कैंची, स्क्रूड्राइवर, टेस्टर पेचकस, रेंती, प्लास, इंचीटेप, मार्कर, हुकनुमा रॉड, धातु काटने वाली पत्तियां और फेवीक्विक समेत कई सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular