रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ल
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा और मजबूत कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने उनके आवास, चुनाव आयोग कार्यालय और व्यक्तिगत सुरक्षा में तैनात जवानों की संख्या बढ़ाई है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली और आगरा स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास के बाहर हुए प्रदर्शनों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यह कदम उठाया है। उनकी पहले से जारी Z+ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।
यूथ कांग्रेस ने किया था प्रदर्शन
बताया गया है कि भारतीय युवा कांग्रेस ने 27 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर उनके आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को मौके पर ही रोक दिया था।
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और अतिरिक्त जवानों की तैनाती का फैसला लिया।
आवास के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
अधिकारियों के अनुसार, नई मोती बाग कॉलोनी स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास के बाहर और अंदर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कॉलोनी के बाहर अर्धसैनिक बलों की एक पूरी बस तैनात की गई है। आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को पहले की तुलना में और सख्त किया गया है।
SIR को लेकर राजनीतिक दलों के विरोध और प्रदर्शनों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त की सुरक्षा बढ़ाए जाने से सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
