Homeउत्तर प्रदेशदीपावली से पहले उज्ज्वला लाभार्थियों को योगी सरकार की सौगात, मिलेगा मुफ्त...

दीपावली से पहले उज्ज्वला लाभार्थियों को योगी सरकार की सौगात, मिलेगा मुफ्त सिलेंडर

दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को दीपावली और होली पर एक-एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने की योजना जारी रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस योजना पर राज्य सरकार 2142.78 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

कैबिनेट बैठक के बाद खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि गरीब परिवारों को रसोई गैस की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार इस योजना को आगे भी जारी रखेगी। इसके तहत पहला मुफ्त सिलेंडर रिफिल अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच दीपावली के अवसर पर दिया जाएगा। वहीं, दूसरा मुफ्त सिलेंडर रिफिल जनवरी से मार्च 2027 के बीच होली के अवसर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

आधार प्रमाणीकरण कराना होगा जरूरी

योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के उन्हीं लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर रिफिल का लाभ मिलेगा, जिनका बैंक खाता आधार से जुड़ा होगा और जिनका आधार प्रमाणीकरण पूरा होगा। ऐसे में पात्र लाभार्थियों के लिए बैंक खाते और आधार से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करना जरूरी है।

महिलाओं को मिलेगी राहत, स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा

योगी सरकार पिछले वित्तीय वर्षों में भी दीपावली और होली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो मुफ्त सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराती रही है। अब वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी इस व्यवस्था को जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

सरकार का मानना है कि इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को रसोई गैस के खर्च में राहत मिलेगी। साथ ही, स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं तथा बच्चों को लकड़ी, उपले जैसे पारंपरिक ईंधन से निकलने वाले धुएं के दुष्प्रभावों से बचाने में मदद मिलेगी। दीपावली से पहले लिए गए इस फैसले से प्रदेश के पात्र उज्ज्वला लाभार्थियों को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त राहत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular