रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के नेतृत्व में आत्मसम्मान रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। इस दौरान कौशल किशोर ने समान शिक्षा, युवाओं को अपराध से दूर रखने और नशामुक्ति को लेकर लोगों को जागरूक किया। वहीं, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास किशोर ने भी पार्टी में अपनी भूमिका को लेकर नाराजगी जाहिर की।
कौशल किशोर ने रथ यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि अमीर हो या गरीब, सभी बच्चों को समान शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि कक्षा छह से ही बच्चों को अपराध और उसके दुष्परिणामों के बारे में पढ़ाया जाना चाहिए, ताकि युवा अपराध की दुनिया में जाने से बच सकें।
उन्होंने लोगों से खुद नशे से दूर रहने और अपने बच्चों को भी नशे की लत से बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति की जिंदगी ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है।रथ यात्रा के रहीमाबाद पहुंचने पर कौशल किशोर ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि थाना, तहसील और अस्पताल जैसी जगहों पर यदि लोगों को सम्मान नहीं मिलता या गरीबों, वंचितों और पीड़ितों की समस्याएं नहीं सुनी जातीं, तो वह कार्यकर्ताओं के साथ संबंधित स्थानों का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को आत्मसम्मान और न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाई जाएगी।
इस दौरान भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास किशोर ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें उपाध्यक्ष बनाकर सिर्फ लॉलीपॉप दिया है। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने जितनी बार मोदी और योगी का नाम लिया, उतनी बार अपने माता-पिता का नाम भी नहीं लिया होगा। इसके बावजूद कुछ भाजपा नेताओं ने उनके पिता को हराने के साथ-साथ पार्टी का भी विरोध किया
आत्मसम्मान रथ यात्रा की शुरुआत काकोरी के दुर्गागंज से हुई। इसके बाद माल क्षेत्र के गौरय्या, माल, गहदों, ससपन, रहीमाबाद, अटौरा, मलिहाबाद कस्बा और कसमंडी कलां में यात्रा का स्वागत किया गया। इस मौके पर विधायक जयदेवी कौशल, ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा, जितेंद्र गौतम, अंजू सिंह, ओमप्रकाश साहू, सिराज अहमद, सतीश गोस्वामी, मीनू वर्मा, पंकज प्रधान और राजेश कुमार उर्फ राजू सहित कई लोग मौजूद रहे।
