रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
मुंबई। साल 2026 में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ की चर्चा के बाद अब नीब करोरी बाबा की जिंदगी छोटे पर्दे पर भी दिखाई जाएगी। फिल्म के बाद अब एक टीवी सीरियल के जरिए महान संत के जीवन, उनके कार्यों और उनसे जुड़ी कथाओं को दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।
इस सीरियल को Sony Entertainment Television लेकर आ रहा है। चैनल ने सोशल मीडिया और अपने यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर शो की एक झलक भी साझा की है। प्रोमो सामने आने के बाद नीब करोरी बाबा के जीवन पर आधारित इस कहानी को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
मंदिर और नदी के बीच दिखे बाबा
जारी किए गए प्रोमो की शुरुआत शांत वातावरण में एक सड़क से होती है। एक ओर मंदिर और दूसरी तरफ नदी दिखाई देती है। इसी रास्ते पर नीब करोरी बाबा कंबल ओढ़े हुए चलते नजर आते हैं।
प्रोमो में वॉइस ओवर के जरिए बताया गया है कि जिनकी कहानियों ने लोगों को प्रभावित किया, अब उनकी जिंदगी से जुड़ी कथाएं पर्दे पर सामने आएंगी। शो को Sony Entertainment Television के साथ SonyLIV पर भी लाने की जानकारी प्रोमो में दी गई है।
प्रोमो में भगवान हनुमान की भी झलक दिखाई गई है, जो नीब करोरी बाबा से जुड़ी आध्यात्मिक आस्था के संदर्भ को दर्शाती है।
‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद बढ़ी दिलचस्पी
नीब करोरी बाबा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद उनके जीवन से जुड़ी कहानियों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ी है। फिल्म में उनके जीवन और आध्यात्मिक प्रभाव को केंद्र में रखा गया था।
फिल्म शुरुआत में धीमी कमाई के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया के चलते चर्चा में आई। वर्ड ऑफ माउथ पब्लिसिटी का भी फिल्म को फायदा मिलने का दावा किया गया है।
तीन हिस्सों में आएगी ‘हनुमान अंश’
मेकर्स ‘हनुमान अंश’ को तीन हिस्सों में पेश करने की योजना बना रहे हैं। फिल्म के दूसरे भाग में नीब करोरी बाबा की कैंची धाम यात्रा से जुड़े प्रसंग दिखाए जाने की बात कही गई है। वहीं तीसरे भाग में उनके भक्तों और उनसे जुड़ी कहानियों को केंद्र में रखा जाएगा।
अब फिल्म के बाद टीवी सीरियल के जरिए नीब करोरी बाबा के जीवन को बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की तैयारी है। हालांकि, सीरियल के प्रसारण की तारीख और कलाकारों से जुड़ी पूरी जानकारी का इंतजार है।
