रिपोर्ट: दीपक अवस्थी
अजीतमल (औरैया)। जनपद औरैया के मुरादगंज में हुए हादसे में दो युवकों की मौत के बाद प्रशासन ने घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। होटल, स्वीट्स हाउस, ठेले-खोमचे और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलिंडरों के इस्तेमाल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक घरेलू गैस सिलिंडर जब्त कर गोदाम में जमा करा दिए गए।
विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर उप जिलाधिकारी अजीतमल के निर्देशन में पूर्ति निरीक्षक समीर कुमार त्रिवेदी और पूर्ति लिपिक रोहित मौर्य ने क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर जांच की। अधिकारियों ने दुकानों और अन्य व्यावसायिक स्थानों पर गैस सिलिंडरों के इस्तेमाल की पड़ताल की। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वाले दुकानदारों के सिलिंडर जब्त किए गए।

अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिफिलिंग करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
प्रशासन ने घरेलू गैस सिलिंडरों से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। घरों में गैस रिफिलिंग कराकर सिलिंडरों का दुकानों पर इस्तेमाल करने वाले दुकानदार भी जांच के दायरे में रहेंगे। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलिंडरों के दुरुपयोग पर रोक लगाना और संभावित हादसों को रोकना है। अधिकारियों ने होटल संचालकों, दुकानदारों और ठेले-खोमचे लगाने वालों से नियमों का पालन करने तथा व्यावसायिक कार्यों के लिए निर्धारित सिलिंडरों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।

