Homeउत्तर प्रदेशएयर शो से पहले दुल्हन की तरह सजेगी काशी, बाबतपुर से नमो...

एयर शो से पहले दुल्हन की तरह सजेगी काशी, बाबतपुर से नमो घाट तक दिखेगी संस्कृति की झलक

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

वाराणसी। यूपी के वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो से पहले शहर को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख मार्गों, भवनों, फ्लाईओवर, पुलों और दीवारों का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। इस पहल के जरिए काशी आने वाले लोगों को शहर की धार्मिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत से रूबरू कराने की योजना है।

सौंदर्यीकरण के तहत शहर की दीवारों पर गंगा की लहरों, ऐतिहासिक घाटों और काशी की परंपराओं से जुड़े चित्र उकेरे जा रहे हैं। कहीं सुबहे बनारस और गंगा आरती की झलक दिखाई देगी तो कहीं भगवान बुद्ध से जुड़े प्रसंगों के साथ काशी के गीत-संगीत और नृत्य को चित्रों के माध्यम से दर्शाया जाएगा।

दीवारों पर दिखेगी काशी की सांस्कृतिक विरासत

वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के मुताबिक, शहर की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक विविधता को ध्यान में रखकर सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। एयरपोर्ट से नमो घाट तक पेंटिंग, म्यूरल आर्ट और आकर्षक लाइटिंग के जरिए काशी की पहचान को उभारा जा रहा है।

नमो घाट मार्ग के डिवाइडर पर भगवान शिव के डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीकों वाले झंडे लगाने का प्रस्ताव है। वहीं, चौकाघाट से नमो घाट तक दुकानों और भवनों को एक समान रंग में रंगा जा रहा है, जिससे पूरे मार्ग पर एकरूपता और सुंदरता नजर आए।

पेड़ों, पुलों और भवनों पर होगी आकर्षक लाइटिंग

शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए पेड़ों, बिजली के खंभों, पुलों और भवनों पर रंग-बिरंगी रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। नमो घाट से चौकाघाट तक भवनों पर फसाड पेंटिंग कराई जा रही है। नमो घाट मार्ग पर मोटिफ लाइटें लगाई जा रही हैं, जबकि चौकाघाट पुल पर मोटिफ स्तंभ स्थापित किए जा रहे हैं। नमो घाट और गया घाट पर भी पेंटिंग का काम जारी है।

बाबतपुर से नमो घाट तक बदलेगा नजारा

बाबतपुर एयरपोर्ट से अतुलानंद तक मोटिफ लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्ट्रिप लाइट लगाने का काम चल रहा है। बाबतपुर से फ्लाईओवर तक डिवाइडर की पेंटिंग कराई जा रही है। इसके अलावा बाबतपुर से नमो घाट ब्रिज तक पेड़ों और पुलों पर फसाड लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है।

इन कार्यों के पूरा होने के बाद एयरपोर्ट से नमो घाट तक का रास्ता रोशनी, रंगों और काशी की सांस्कृतिक झलक से सजा नजर आएगा। प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर यह पहल शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही काशी की पहचान को नए अंदाज में प्रस्तुत करने का प्रयास है।

RELATED ARTICLES

Most Popular