Homeउत्तर प्रदेशशिवा शर्मा हत्याकांड: नागपुर से गिरफ्तार हुईं मॉडल श्रद्धा दुबे, बहन और...

शिवा शर्मा हत्याकांड: नागपुर से गिरफ्तार हुईं मॉडल श्रद्धा दुबे, बहन और ड्राइवर भी पकड़े गए

लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इस मामले में श्रद्धा की बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को भी गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाकर अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मामले में तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक, कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में 9 अक्टूबर 2026 को हजरतगंज थाने में रंजना शर्मा की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी।

11 दिन से फरार थी श्रद्धा दुबे

जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा दुबे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी। बताया जा रहा है कि वह लखनऊ से सीतापुर होते हुए बहराइच के रास्ते नेपाल पहुंच गई थी। पुलिस उसकी तलाश में तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर कार्रवाई कर रही थी। आखिरकार एसटीएफ ने उसे नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।

एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर लखनऊ की अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। उनके मुताबिक, श्रद्धा को पुलिस की कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं की जानकारी थी। इसी वजह से उसकी गिरफ्तारी में समय लगा।

 आगरा के होटल में रुकने की भी चर्चा

श्रद्धा दुबे की फरारी के दौरान उसके आगरा में रुकने की जानकारी भी सामने आई थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वह 17 अक्टूबर की सुबह आगरा के ताजनगरी फेज-1 स्थित ओम पैलेस होटल पहुंची थी और वहां करीब 24 घंटे तक रुकी थी। रिपोर्ट में होटल के सीसीटीवी फुटेज का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों से होना बाकी है।

 अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा 

इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य मामला नहीं है और यह सरकार को ले डूबेगा। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

गौरतलब है कि फरारी के दौरान श्रद्धा दुबे का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उसने अपने नाम को प्रभावशाली लोगों से जोड़ने पर आपत्ति जताई थी। शिवा शर्मा को कथित तौर पर धमकाने से जुड़ा एक पुराना ऑडियो भी चर्चा में रहा है।

अब पुलिस की पूछताछ और जांच के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular