रिपोर्ट: दीपक अवस्थी
विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बृजेश कुमार ने शनिवार को विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से नए मतदाताओं के पंजीकरण और दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी जरूरी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ के रजिस्टर और ऑनलाइन व ऑफलाइन प्राप्त आवेदनों का मिलान किया। उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्राप्त प्रारूप-6 के आवेदनों को निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर समय से अपलोड कर उनका नियमानुसार निस्तारण किया जाए। पात्र आवेदकों के पंजीकरण में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने विशेष रूप से उन युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया, जो एक जनवरी 2027 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि घर-घर संपर्क करने के साथ ही शिक्षण संस्थानों के माध्यम से भी पात्र युवाओं को चिह्नित किया जाए, ताकि कोई भी युवा अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पात्र महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।
इस काम में आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग लेने पर भी जोर दिया गया, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मृत, स्थान परिवर्तन कर चुके और मतदाता सूची में दोहरे नाम वाले मतदाताओं के मामलों में भी निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम सूची से हटाने से पहले निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनी रहे।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मतदाता पंजीकरण से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके ऐसे नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे प्रारूप-6 भरकर आवेदन करें। इसके लिए निर्वाचन आयोग के पोर्टल और ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर ब्रह्मानन्द, नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा, संबंधित मतदेय स्थलों के पदाभिहित अधिकारी, बीएलओ और आवेदक मौजूद रहे।

