वाराणसी। काशी में भारतीय वायुसेना के तीन दिवसीय ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का रविवार को भव्य समापन हुआ। गंगा के ऊपर राफेल, सुखोई, तेजस और मिराज-2000 सहित विभिन्न लड़ाकू विमानों ने शानदार हवाई करतब दिखाए।
वहीं, एयर शो देखने पहुंचे दर्शकों की भारी भीड़ और तेज धूप के बीच 370 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हुईं, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नमो घाट पर आयोजित एयर शो में भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन का आनंद लिया। प्रधानमंत्री रविवार सुबह वाराणसी पहुंचे थे। उन्होंने मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण किया और वहां कार्यरत महिलाओं से संवाद किया। इसके बाद वह नमो घाट पहुंचे और एयर शो में शामिल हुए। प्रधानमंत्री दोपहर 3.35 बजे वाराणसी से रवाना हो गए।
एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के विभिन्न विमानों ने अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन किया। तीन राफेल विमानों ने ‘नीलकंठ’ फॉर्मेशन में उड़ान भरी, जबकि सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, जगुआर और स्वदेशी तेजस ने भी आसमान में करतब दिखाए। नौ सूर्यकिरण विमानों ने तिरंगा फॉर्मेशन बनाकर दर्शकों को रोमांचित किया। सी-17 ग्लोबमास्टर और सूर्यकिरण टीम के संयुक्त प्रदर्शन ने भी आयोजन को खास बनाया।
भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ने सामूहिक उड़ान से अपनी दक्षता दिखाई। चिनूक, चेतक, अपाचे और स्वदेशी हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टरों ने भी प्रदर्शन किया। गंगा के ऊपर विमानों की गर्जना और आसमान में तिरंगे की छटा देखने के लिए नमो घाट, ललिता घाट और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग जुटे।
भीड़ और गर्मी के कारण बिगड़ी लोगों की तबीयत
एयर शो के अंतिम दिन दर्शकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने घाटों, आयोजन स्थल और प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा शिविर लगाए थे। मोबाइल मेडिकल टीमें भी सक्रिय रहीं और आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस तैनात की गईं।
डॉ. एनपी सिंह के अनुसार, स्वास्थ्य टीमों ने पूरे दिन 370 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। इनमें सिरदर्द, चक्कर, उल्टी, पेट दर्द, निर्जलीकरण, गर्मी से थकावट और अन्य सामान्य समस्याओं से पीड़ित लोग शामिल थे। जरूरत के अनुसार प्राथमिक उपचार, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
कटेसर मुगलसराय निवासी महेश यादव भी चक्कर आने के कारण गिर पड़े। उन्हें एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
एयर शो समाप्त होने के बाद घाटों से दर्शकों की भीड़ बाहर निकली तो शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई।
नमो घाट और ललिता घाट के आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ने से यातायात प्रभावित रहा। शाम तक सड़कों पर भीड़ और वीआईपी वाहनों की आवाजाही के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
