Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ शिक्षक MLC सीट पर उमेश द्विवेदी की जीत की हैट्रिक, स्नातक...

लखनऊ शिक्षक MLC सीट पर उमेश द्विवेदी की जीत की हैट्रिक, स्नातक सीट पर कांती सिंह आगे

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधान परिषद की लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन सीट पर भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने जीत की हैट्रिक लगाई है।

लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। वहीं, लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन सीट पर मतगणना के शुरुआती रुझानों में सपा प्रत्याशी कांती सिंह भाजपा के अवनीश सिंह से आगे चल रही थीं।

 शिक्षकों के सम्मान के लिए पीछे नहीं हटूंगा: उमेश द्विवेदी

जीत के बाद उमेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य शिक्षक को लखनऊ जैसी राजधानी की सीट से तीसरी बार प्रत्याशी बनाया, इसके लिए वह पार्टी के आभारी हैं। उन्होंने उन शिक्षकों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने लगातार तीसरी बार उन पर भरोसा जताया।

उमेश द्विवेदी ने शिक्षकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनके आन-बान और शान के लिए अगर कभी किसी से टकराना पड़ा तो वह पीछे नहीं हटेंगे। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और कंधे पर बैठाकर जश्न मनाया।

 स्नातक सीट पर कांती सिंह ने बनाई बढ़त

लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन सीट पर मतगणना के शुरुआती रुझानों में सपा प्रत्याशी कांती सिंह भाजपा के अवनीश सिंह से आगे चल रही थीं। पहले राउंड में कांती सिंह को 6,579 वोट मिले, जबकि अवनीश सिंह को 4,387 वोट प्राप्त हुए। इस तरह कांती सिंह ने 2,192 वोटों की बढ़त बनाई।

पहले राउंड में कुल 13,980 मतों की गिनती हुई थी। इस सीट पर कुल नौ राउंड में मतगणना होनी थी।

 अवनीश सिंह ने सभी 11 सीटें जीतने का किया दावा

भाजपा प्रत्याशी अवनीश सिंह ने दावा किया कि पार्टी सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने लखनऊ खंड स्नातक सीट पर भी भारी बहुमत से जीत का भरोसा जताया। कांती सिंह की ओर से लगाए गए गड़बड़ी के आरोपों पर उन्होंने कहा कि हार की आशंका होने पर सपा आरोप लगाने लगती है।

 कांती सिंह ने मतगणना में गड़बड़ी का लगाया आरोप

सपा प्रत्याशी कांती सिंह ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताते हुए कई बूथों पर गड़बड़ी, एजेंटों को रोके जाने और फर्जी मतदान के आरोप लगाए। उनका दावा था कि इन घटनाओं से 1,000 से 2,000 वोट प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मतगणना के दौरान मतपत्रों के बंडलों में अधिक मतपत्र मिलने की बात भी कही।

हालांकि, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने कहा कि मतगणना पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जा रही है। उनके मुताबिक, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतपत्रों के बंडल बनाने का काम शाम छह बजे पूरा हुआ, जिसके बाद पहले चक्र की मतगणना शुरू की गई।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना दो चक्रों में होनी थी। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतपत्रों के बंडल तैयार करने का काम जारी था। दोनों सीटों की मतगणना के लिए रैली स्थल के दो हॉल में 14-14 टेबल लगाई गई थीं। शिक्षक सीट पर भाजपा के उमेश द्विवेदी और सपा के सुशील कुमार, जबकि स्नातक सीट पर भाजपा के अवनीश सिंह और सपा की कांती सिंह मैदान में थे।

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular