रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। आजाद मार्ग स्थित रायल सिटी सोसाइटी में एक निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट में जीने की शटरिंग खोलने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक जीने का मलबा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शटरिंग खोलते समय हुआ हादसा
गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय सिंह के मुताबिक, बुधवार दोपहर करीब 12:14 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रायल सिटी सोसाइटी में निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट में बने जीने की शटरिंग खोली जा रही थी। इसी दौरान मलबा गिरने से दो मजदूर उसके नीचे दब गए।
सूचना मिलते ही गंगाघाट कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को भी सूचना दी गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मलबे से निकाले गए दोनों मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतकों की पहचान, उनके मूल निवास और हादसे के कारणों से जुड़ी विस्तृत जानकारी की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
