रिपोर्ट: अमित शर्मा
आगरा। सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल की 4263 मतों से जीत के बाद उनकी पत्नी सारांश गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जीत का श्रेय अपने पति की दिन-रात की मेहनत और शिक्षकों के समर्थन को दिया। उन्होंने इसे भगवान का आशीर्वाद बताते हुए कहा, “भगवान की लाठी में बहुत ताकत होती है।”
सारांश गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके पति को चुनाव में हराने की पूरी कोशिश की, लेकिन शिक्षकों ने उनके पक्ष में मतदान कर उन्हें जीत दिलाई। उन्होंने कहा कि डॉ. आकाश अग्रवाल लगातार चुनाव प्रचार में जुटे रहते थे। उनकी दिनचर्या इतनी व्यस्त थी कि कई बार उन्हें यह भी पता नहीं चलता था कि वे कब घर आए और कब प्रचार के लिए निकल गए।
उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान जब उनके पति के साथ मारपीट की घटना हुई, तो उनकी चिंता और बढ़ गई थी। हालांकि, उन्हें भगवान पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा कि उनके पति ने कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत जारी रखी और अंततः उन्हें इसका परिणाम जीत के रूप में मिला।सारांश गुप्ता के बयान के बाद चुनाव परिणाम को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है।
