लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के बीच बारिश होने की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में 31 अक्टूबर तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं। वहीं, बेमौसम बारिश किसानों की परेशानी बढ़ा सकती है।
बुधवार सुबह लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर तक आसमान में काले बादल छा गए। सरोजनीनगर और कल्ली पश्चिम समेत कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। इस दौरान कुछ इलाकों में धूप निकलती रही, जबकि कई जगह बादलों का डेरा बना रहा।
पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अवदाब में बदल गया है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है।
वहीं, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।
29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है।
30 अक्टूबर को भी पूर्वांचल, अवध और तराई के कई क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।
मौसम में इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने से लोगों को ठंड का एहसास होने लगेगा।
किसानों को सतर्क रहने की सलाह
बेमौसम बारिश की आशंका को देखते हुए राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से आम लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसानों से कृषि उपज और फसलों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कदम उठाने तथा पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई है।
लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और तेज हवाओं के समय कमजोर पेड़ों, बिजली के खंभों तथा असुरक्षित ढांचों से दूर रहें। मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और सचेत ऐप पर जारी अलर्ट देखते रहें।
