रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
मुंबई। टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। छोटे पर्दे के अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके अचानक दुनिया छोड़ने की खबर से टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। अभिनेता के निधन की जानकारी उनके करीबी दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रूपेश सोनर ने सोशल मीडिया के जरिए दी। रूपेश के मुताबिक, अनुज का निधन सोते समय दौरा पड़ने से हुआ।
अनुज के निधन की खबर से उनके प्रशंसक भी सदमे में हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं, उनके करीबी दोस्त रूपेश सोनर ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उनके साथ बिताए पलों को याद किया।
दोस्त ने बताया कैसे हुई मौत
रूपेश सोनर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि अनुज उनके बीच नहीं रहे। उन्होंने अनुज को दोस्त नहीं, बल्कि भाई जैसा बताया। रूपेश के मुताबिक, दोनों ने साथ में कई प्रोजेक्ट करने की योजना बनाई थी, लेकिन अब ये सपने अधूरे रह गए। उन्होंने अनुज को याद करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूपेश ने बताया कि अनुज की मौत नींद में दौरा पड़ने के कारण हुई। उनके अनुसार, घटना वाली सुबह अनुज का अलार्म बजा, लेकिन वह नहीं उठे। इसके बाद उनकी मां कमरे में पहुंचीं, जहां उन्होंने अनुज को मृत पाया।
2008 से थी दोनों की दोस्ती
रूपेश सोनर ने एक इंटरव्यू में बताया कि वह अनुज को साल 2008 से जानते थे। दोनों की दोस्ती काफी पुरानी थी और निधन से करीब 10 दिन पहले ही उनकी मुलाकात भी हुई थी। रूपेश ने कहा कि अनुज इतने सालों बाद भी पहले जैसे ही थे। उन्हें अपने दोस्त के निधन की जानकारी एक कॉमन फ्रेंड के जरिए मिली। खबर सुनकर वह सदमे में आ गए और काफी देर तक उन्हें इस पर विश्वास नहीं हुआ।
‘बंधन सात जन्मों का’ से शुरू किया था करियर
अनुज ठाकुर ने टीवी सीरियल ‘बंधन सात जन्मों का’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बींद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ और ‘महिसागर’ जैसे धारावाहिकों में नजर आए। अपने अभिनय के जरिए उन्होंने छोटे पर्दे पर पहचान बनाई थी।
उनके असामयिक निधन से परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को गहरा सदमा पहुंचा है। सोशल मीडिया पर लोग उनके साथ जुड़ी यादें साझा कर उन्हें अंतिम विदाई दे रहे हैं।
